दुनिया से गरीबी दूर करने के लिए लड़ने वालीं भारतवंशी सीईओ लैला का 37 की उम्र में निधन

 भारतीय मूल की अमेरिकी उद्यमी लैला जाना का 37 साल की उम्र में निधन हो गया। कैंसर से जूझ रहीं लैला ने 24 जनवरी को अंतिम सांस ली। उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी समसोर्स ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। लैला दुनिया से गरीबी दूर करना चाहती थीं। उनकी कंपनी गरीबों को रोजगार दिलाने का काम करती थी। उन्होंने 2008 में समसोर्स कंपनी की स्थापना की थी। यह कंपनी अब तक केन्या, युगांडा और भारत में 2900 से ज्यादा लोगों को रोजगार दे चुकी है।


लैला का जन्म न्यूयॉर्क में हुआ था, लेकिन लालन-पालन लॉस एंजिल्स में हुआ। उनके माता-पिता भारतीय थे। लैला ने गरीबों का जीवन बेहतर बनाने के लिए कई सामाजिक कार्य किए। कंपनी के मुताबिक, उन्होंने 50 हजार से ज्यादा लोगों को गरीबी से उबारा।


वेंडी गोंजालेज को अंतरिम सीईओ बनाया गया
लैला अपने पति और बेटी के साथ रहती थीं। उनके निधन के बाद वेंडी गोंजालेज को कंपनी का अंतरिम सीईओ बनाया गया है। गोंजालेज चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। वे पिछले 5 साल से लैला के साथ काम कर रहे थे। कंपनी ने बयान में कहा, लैला की मुस्कान और सकारात्मक रवैया हमेशा याद आएगा। 


समसोर्स गैर-लाभकारी संगठन है, जिसका उद्देश्य लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर वैश्विक स्तर पर गरीबी दूर करना है। कंपनी उन लोगों की मदद करती है जो सम्मानजनक कार्य और नौकरी के लिए प्रशिक्षण लेना चाहते हैं।


Image result for leila janah